उज्जैन में शाही मस्जिद की मीनार का हिस्सा गिरा:अतिक्रमण हटाते समय हादसा; प्रशासन ने मरम्मत शुरू कराई, अफवाह से बचने की अपील
उज्जैन में शाही मस्जिद की मीनार का हिस्सा गिरा: अतिक्रमण हटाने के दौरान हादसा, प्रशासन ने मरम्मत शुरू कराई
सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान हादसा
उज्जैन के छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद में गुरुवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मीनार का एक हिस्सा टूटकर मस्जिद की छत पर गिर गया। मलबे से छत और मस्जिद के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा है। हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
6 फीट हिस्सा हटाने पर बनी थी सहमति
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत कंठाल से गोपाल मंदिर मार्ग को चौड़ा करने की योजना है। इसके लिए शाही मस्जिद का करीब 6 फीट हिस्सा सड़क की जद में आ रहा था। प्रशासन और मुस्लिम समुदाय के बीच बातचीत के बाद प्रभावित हिस्से को हटाने पर सहमति बनी थी। इसी के तहत गुरुवार को कार्रवाई की जा रही थी।
क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू
हादसे के बाद प्रशासन ने मौके पर स्थिति संभाली। कलेक्टर रोशन सिंह के मुताबिक, मस्जिद के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू करा दी गई है। अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
28 सितंबर को भी हुआ था विवाद
शाही मस्जिद को लेकर 28 सितंबर को कार्रवाई के दौरान विवाद हुआ था। सोशल मीडिया पर मस्जिद को पूरी तरह तोड़े जाने से जुड़ी भ्रामक और AI से तैयार सामग्री वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान पुलिस पर पथराव हुआ, जिसके बाद आंसू गैस और हल्के बल प्रयोग से भीड़ को हटाया गया।
9 आरोपी 12 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर
विवाद के मामले में कई FIR दर्ज की गई हैं और पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स के साथ CCTV और ड्रोन फुटेज की जांच कर रही है। 30 सितंबर को गिरफ्तार 9 आरोपियों को जिला कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को 12 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। फिलहाल शाही मस्जिद और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
news desk MPcg