Ujjain: केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने बाबा महाकाल के किए दर्शन
केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए। मंत्री बनने के बाद पहली बार मंदिर पहुंचीं खडसे ने सभी के लिए बाबा महाकाल की कृपा की प्रार्थना की। उनके स्वागत में मंदिर समिति और स्थानीय भाजपा नेता मौजूद रहे।

उज्जैन, 24 अप्रैल 2025: केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने अपने उज्जैन दौरे के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने पूजा-अर्चना की और सभामंडप में श्री वीरभद्र भगवान का पूजन भी किया। पूजा का संचालन पुजारी अर्पित शर्मा और पुरोहित नवनीत शर्मा ने किया।
खडसे ने नंदी हॉल से बाबा महाकाल की पूजा की और इसके बाद ध्यान में लीन हुईं। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उपप्रशासक एसएन सोनी और अभिषेक शर्मा ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उज्जैन के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, उज्जैन नगर पालिका निगम अध्यक्ष कलावती यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष नरेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचीं महाकाल मंदिर
मंदिर दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में रक्षा खडसे ने कहा, "मैं हर साल बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आती रही हूं, लेकिन इस बार केंद्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार यहां आई हूं। मैंने बाबा महाकाल से प्रार्थना की है कि उनकी कृपा सभी पर बनी रहे।"
कोठाड़ी की सरपंच से केंद्रीय मंत्री तक का सफर
रक्षा निखिल खडसे (जन्म 13 मई 1987) महाराष्ट्र की भारतीय जनता पार्टी की प्रमुख नेता हैं। वे वर्तमान में रावेर लोकसभा सीट से सांसद हैं और भारत सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। खडसे ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कोठाड़ी गांव की सरपंच के रूप में की थी। इसके बाद वे जलगांव जिला परिषद की सदस्य चुनी गईं। साल 2014 में उन्होंने लोकसभा चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मनीष जैन को 3,18,608 वोटों के अंतर से हराकर रावेर सीट जीती। उस समय मात्र 26 वर्ष की आयु में वे 16वीं लोकसभा की सबसे कम उम्र की सांसदों में से एक थीं। 2019 में वे दूसरी बार रावेर से सांसद चुनी गईं और 2024 के आम चुनाव के लिए भाजपा ने उन्हें तीसरी बार उम्मीदवार बनाया है।