मोदी ने गुजरात की 225 ग्राम पंचायतों की योजनाओं के लाभार्थियों से किया संवाद
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा 2023’ के अंतर्गत शनिवार को गुजरात की 225 ग्राम पंचायतों के विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के साथ आभासी माध्यम से संवाद किया।
राज्य के विभिन्न जिलों की इन सभी ग्राम पंचायतों में ‘मोदी की गारंटी’ वाले विकसित भारत संकल्प यात्रा के रथ का उत्साह के साथ स्वागत किया गया। साथ ही बड़ी संख्या में लोगों ने भारत देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर श्री मोदी ने सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित लक्षित लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर सेचुरेशन लेवल यानी योजनाओं की पूर्ण संतृप्ति पर जोर दिया।
इसके अलावा, उन्होंने नमो ड्रोन दीदी के जरिए 15,000 सखी मंडलों को सहायता प्रदान कर खेती में तकनीक के अधिकतम उपयोग से आधुनिकीकरण की दिशा में आगे बढ़ने तथा फिट इंडिया मूवमेंट पर बल देकर युवाओं से उनका स्वास्थ्य बनाए रखने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने गुजरात के भरूच जिले के शुक्लतीर्थ गांव के प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी अल्पेशभाई निजामा के साथ आभासी तरीके से संवाद किया और उन्हें प्राप्त योजनागत सहायता के बारे में पूछा। प्रधानमंत्री ने अल्पेशभाई से कहा कि वह विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान ही दूसरे पांच गांवों में जाकर अन्य किसान मित्रों से भी योजना का लाभ उठाने का अनुरोध करें।
Newsdesk