लोनी कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद कॉलोनी में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक मैरिज होम संचालक पर बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने गोली चला दी। घायल संचालक ने बताया कि हमलावरों ने उनके पेट में दो गोलियां मारीं, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित आशु टोली मोहल्ला चौधरी चौक पर अपने परिवार के साथ रहते हैं और मुस्तफाबाद कॉलोनी में मैरिज होम का संचालन करते हैं। आशु ने बताया कि वह अपने कार्यालय में बैठे थे, तभी दो बाइक सवार वहां पहुंचे। दोनों ने पहले उनसे तीखी बहस की और फिर अचानक पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
आशु ने पुलिस को बताया कि कॉलोनी के कुछ लोगों के साथ उनका पैसों का पुराना विवाद चल रहा था। इस विवाद के चलते उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की थी। वारदात की सूचना मिलते ही लोनी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज की जांच कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि घायल का इलाज जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पीड़ित की तहरीर मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।