कर्नाटक के गृह मंत्री को पासपोर्ट रद्द करने में कानूनी प्रक्रियाओं से अवगत होना चाहिए : कुमारस्वामी
जनता दल-सेक्युलर के नेता एवं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर को राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं से अवगत होना चाहिए।कुमारस्वामी का यह बयान यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे हासन से सांसद प्रज्वल रेवन्ना के राजनयिक पासपोर्ट को रद्द करने के चल रहे प्रयासों के बीच आया है।
कुमारस्वामी ने रविवार की रात यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, “क्या गृह मंत्री प्रोटोकॉल से अवगत हैं। कानूनी प्रक्रियाओं और प्रोटोकॉल का पालन किया जाना चाहिए। केवल 24 घंटे में तुरंत रद्द करना संभव नहीं है। इसकी एक कानूनी प्रक्रिया है।” प्रज्वल का पासपोर्ट रद्द करने संबंधी मामले में केंद्र सरकार के तौर-तरीके को लेकर डॉ. परमेश्वर की आलोचना का जवाब देते हुए उन्होंने जोर दिया कि उचित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन महत्वपूर्ण है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने गत 01 मई और 23 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर रेवन्ना का पासपोर्ट रद्द करने के लिए त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया था। अपने पत्रों में उन्होंने प्रज्वल के देश से भागने को ‘शर्मनाक’ बताया और उसे न्याय के कटघरे में लाने के लिए उनके राजनयिक विशेषाधिकारों को रद्द करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया है।
Newsdesk