Sehore: दुष्कर्म में असफल होने पर महिला की गला दबाकर हत्या, अंधे कत्ल का पर्दाफाश

सीहोर, मध्यप्रदेश में दो सप्ताह पहले गायब हुई महिला की हत्या का खुलासा हुआ, आरोपी प्रेमनारायण मेवाड़ा गिरफ्तार। उसने मजदूरी का लालच देकर महिला को सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश की, असफल होने पर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़कर जेल भेज दिया।

Sehore: दुष्कर्म में असफल होने पर महिला की गला दबाकर हत्या, अंधे कत्ल का पर्दाफाश

सीहोर, मध्यप्रदेश: दो सप्ताह पहले गायब हुई एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला को अधिक मजदूरी देने का झांसा देकर अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया था। इसके बाद सुनसान जगह पर नींद की गोली खिलाकर दुष्कर्म करने की कोशिश की। इसमें सफल नहीं होने पर उसने महिला का गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस अंधे हत्याकांड का खुलासा कर भोपाल निवासी आरोपी को पकड़ा है। उसने दुष्कर्म की कोशिश कर हत्या करना स्वीकार किया है।

मंडी पुलिस के अनुसार, मामला धनखेड़ी चांदबड़ का है, जहां 20 अप्रैल को लक्ष्मीबाई ठाकुर मजदूरी के लिए घर से निकली थी। वह शाम तक वापस नहीं लौटी। अगले दिन उसके पति ईश्वर सिंह ठाकुर ने थाना मंडी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 22 अप्रैल को शाजापुर जिले के कालापीपल थाना क्षेत्र में खजूरिया अलाहदाद के पास पार्वती नदी किनारे एक महिला का शव मिला। मामला सीहोर का होने के कारण कालापीपल पुलिस ने जांच डायरी सीहोर मंडी पुलिस को भेजी। इसके बाद मामले की जांच-पड़ताल शुरू हुई।

पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला के नेतृत्व में थाना प्रभारी मंडी मायासिंह ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। जांच में रतनपुर तुमड़ा, भोपाल निवासी प्रेमनारायण मेवाड़ा (55) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लक्ष्मीबाई को पहले से जानता था। घटना वाले दिन उसने अधिक मजदूरी का लालच देकर उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया था। इसके बाद वह उसे खजूरिया गांव के पास पार्वती नदी किनारे सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने लक्ष्मीबाई को नींद की गोलियां खिलाईं और दुष्कर्म का प्रयास किया। विफल होने पर उसने गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। आरोपी के जुर्म स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।