इंडिगो ने 10 मई तक कई शहरों की उड़ानें रद्द कीं, भारत-पाक तनाव के चलते फैसला; यात्रियों के लिए जरूरी जानकारी
अगर आप 10 मई तक यात्रा की योजना बना रहे हैं और इंडिगो एयरलाइंस से टिकट बुक है, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. इंडिगो 6ETravelAdvisory ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुछ शहरों के लिए उड़ानें 10 मई रात 11:59 बजे तक रद्द कर दी हैं.
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण इंडिगो एयरलाइंस ने 10 मई 2025 तक कई उत्तरी और पश्चिमी शहरों के लिए अपनी उड़ानें रद्द करने का ऐलान किया है। यह निर्णय 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर किए गए हमलों के बाद लिया गया है। रद्द की गई उड़ानों में श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, जोधपुर, किशनगढ़ और राजकोट जैसे शहर शामिल हैं।
इंडिगो ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "हम स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय में हैं।" एयरलाइन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे उड़ान की स्थिति की जानकारी आधिकारिक चैनलों के माध्यम से प्राप्त करें। इसके अलावा, दिल्ली और मुंबई हवाई अड्डों ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें सुरक्षा जांच में अतिरिक्त समय देने की सलाह दी गई है।
यह कदम भारत-पाकिस्तान के बीच हाल के तनावों के बाद उठाया गया है, जिसमें पाकिस्तान द्वारा हवाई क्षेत्र को बंद करने और भारत द्वारा कई हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय शामिल है। फ्लाइटरडार24 के अनुसार, पाकिस्तान और भारत के पश्चिमी क्षेत्र में नागरिक उड़ानों का संचालन लगभग बंद है। अन्य एयरलाइंस जैसे एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयर ने भी अपनी उड़ानों को रद्द किया है और यात्रियों को रिफंड या रीशेड्यूलिंग की सुविधा दी है।
यात्रियों से अनुरोध है कि वे नवीनतम अपडेट के लिए एयरलाइंस और हवाई अड्डा अधिकारियों के संपर्क में रहें।
news desk MPcg