धार: बाबा साहब की मूर्ति के साथ छेड़छाड़, पहली बार चोरी, दूसरी बार तोड़ी, तीसरी बार पुनः स्थापित
धार के जेतपुरा गांव में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को उखाड़कर क्षतिग्रस्त किया, जिससे समाज में आक्रोश फैल गया। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर प्रतिमा को दोबारा स्थापित किया और पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
धार के पास स्थित ग्राम जेतपुरा से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बुधवार को इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन के पास जेतपुरा गांव में उस समय हंगामा मच गया, जब कुछ अज्ञात असामाजिक लोगों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को उखाड़कर एक बस में ले जाने की कोशिश की। जैसे ही यह खबर गांव और आसपास के इलाकों में फैली, समाज के लोग गुस्से से भर गए। समाज के नेताओं ने एकजुट होकर इसका विरोध किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नौगांव पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया और स्थिति को शांत किया। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को फिर से स्थापित किया और लोगों को आश्वासन दिया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। लेकिन मामला यहां नहीं रुका। जब गांववाले और समाज के लोग नौगांव थाने में शिकायत दर्ज कराकर घटना स्थल पर लौटे, तो उन्होंने देखा कि हाल ही में स्थापित की गई प्रतिमा को फिर से क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इस दुस्साहस से गुस्सा और बढ़ गया।
स्थिति को देखते हुए एसडीएम रोशनी पाटीदार, तहसीलदार दिनेश उईके, सीएसपी रविंद्र वास्कले और थाना प्रभारी सुनील शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से बात की और माहौल शांत किया। एक बार फिर से बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा को स्थापित किया गया।
फिलहाल, नौगांव पुलिस ने ग्राम जेतपुरा के जगदीश डावर की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों को जल्दी ही पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
news desk MPcg