स्वच्छ शहर इंदौर में ज़हरीला पानी: 15 की मौत, 200 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

1 / 1

1.

देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में दूषित पानी पीने से बड़ा स्वास्थ्य संकट खड़ा हो गया है। भागीरथपुरा इलाके में शौचालय मिश्रित पानी सप्लाई होने से अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से अधिक मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें 32 की हालत गंभीर बनी हुई है और वे आईसीयू में इलाजरत हैं। 29 दिसंबर से लोग उल्टी-दस्त और पेट संबंधी बीमारियों से पीड़ित होने लगे थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से हालात बिगड़ते चले गए।

जांच में सामने आया है कि मुख्य पेयजल पाइपलाइन में लीकेज के कारण सीवर से जुड़े खतरनाक बैक्टीरिया पानी में मिल गए। लैब रिपोर्ट में भी सीवर जैसे बैक्टीरिया की पुष्टि हुई है। घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव को पद से हटा दिया है, जबकि अतिरिक्त आयुक्त रोहित सिसोनिया और पीएचई विभाग के अधीक्षण अभियंता संजीव श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता देने और सभी मरीजों के मुफ्त इलाज की घोषणा की है। निजी अस्पतालों को भी बिना शुल्क इलाज के निर्देश दिए गए हैं। हालात पर काबू पाने के लिए प्रशासन की टीमें घर-घर सर्वे कर रही हैं और साफ पानी की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।