खंडवा में घिनौना खेल बेनकाब, पशु चर्बी से बन रहा था नकली घी-आइसक्रीम
खंडवा में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई में एक चौंकाने वाला अवैध कारखाना पकड़ा गया है, जहां मृत पशुओं की चर्बी से नकली घी और आइसक्रीम बनाने का गोरखधंधा चल रहा था। यह मामला इमलीपुरा क्षेत्र के बेगम पार्क के पास सामने आया, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
सूत्रों के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर जिला प्रशासन, सिटी मजिस्ट्रेट, नगर निगम, खाद्य विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार सुबह छापेमारी की। संकरी गलियों में बने कमरों की तलाशी के दौरान टीम को भारी मात्रा में पशुओं की चर्बी, खाल, हड्डियां और अन्य अवशेष मिले। मौके से 79 टीन के कनस्तर और 9 बड़े ड्रम नकली घी से भरे हुए बरामद किए गए, साथ ही कई बोरों में पशु अवशेष भी पाए गए।
इस अवैध कारखाने के मुख्य आरोपी अनवर कुरैशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह नकली उत्पाद बाजार में सप्लाई किए जा रहे थे, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक भी मौके पर पहुंचीं और इस घिनौने कृत्य की कड़ी निंदा की। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, यहां तक कि रासुका लगाने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुटा है और जिले में ऐसे अन्य अवैध कारखानों की तलाश भी की जा रही है।
news desk MPcg