गांधी मेडिकल कॉलेज में जातिगत प्रताड़ना का आरोप, अनुसूचित जाति आयोग से शिकायत

गांधी मेडिकल कॉलेज में जातिगत प्रताड़ना का आरोप, अनुसूचित जाति आयोग से शिकायत

भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित गांधी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत एक लैब अटेंडेंट ने विभागाध्यक्ष डॉ. तृप्ति सक्सेना और डॉ. वीरेंद्र माहोर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित कर्मचारी ने मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग को शिकायत भेजकर जातिगत प्रताड़ना, सार्वजनिक अपमान और पद के विपरीत कार्य करवाने का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, लैब अटेंडेंट के पद पर नियुक्त होने के बावजूद उससे सफाई और पोंछा लगाने जैसे कार्य कराए गए। कर्मचारी का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि विभाग में लगातार उसके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया गया, जिससे वह मानसिक तनाव में है। मामले की शिकायत अनुसूचित जाति आयोग को भेजे जाने के बाद अब पूरे प्रकरण ने तूल पकड़ लिया है।

फिलहाल कॉलेज प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं आयोग द्वारा शिकायत की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।