क्रिकेटर Rinku Singh के पिता का निधन, स्टेज-4 लिवर कैंसर से हारी जिंदगी की जंग

क्रिकेटर Rinku Singh के पिता का निधन, स्टेज-4 लिवर कैंसर से हारी जिंदगी की जंग

स्पोर्ट्स । टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय टीम के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता खानचंद्र सिंह का शुक्रवार सुबह स्टेज-4 लिवर कैंसर से लंबी जंग के बाद निधन हो गया। वे 60 वर्ष के थे। इस खबर से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है।

ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में ली अंतिम सांस

करीब डेढ़ साल से लिवर कैंसर से जूझ रहे खानचंद्र सिंह की हाल ही में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा के ओमेगा-1 स्थित यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उन्होंने 27 फरवरी की सुबह करीब 4:36 से 5 बजे के बीच अंतिम सांस ली। वे क्रिटिकल केयर यूनिट में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे।

टीम कैंप छोड़कर पहुंचे थे घर

पिता की गंभीर स्थिति की जानकारी मिलते ही रिंकू सिंह ने टीम कैंप छोड़ा और परिवार के पास पहुंचे। बाद में वे टीम से दोबारा जुड़े, लेकिन प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बने। अब पिता के निधन के बाद वे अलीगढ़ रवाना हो चुके हैं।

पिता का सपना—ट्रॉफी जीतकर लाना

खानचंद्र सिंह चाहते थे कि उनका बेटा टी20 विश्व कप 2026 में भारत के लिए ट्रॉफी जीते। परिवार के करीबी बताते हैं कि उन्होंने हाल ही में वीडियो कॉल पर रिंकू से कहा था—“ट्रॉफी जीतकर लाना।”

संघर्ष से स्टारडम तक

अलीगढ़ निवासी रिंकू सिंह का बचपन आर्थिक तंगी में बीता। उनके पिता गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटे के क्रिकेट सपने को टूटने नहीं दिया। आईपीएल और टीम इंडिया में सफलता के बाद भी परिवार की सादगी बरकरार रही।

यह निजी क्षति रिंकू सिंह के लिए भावनात्मक रूप से कठिन समय है, लेकिन पिता का सपना अब उनके लिए प्रेरणा बन चुका है।