भोपाल, जबलपुर समेत आधे MP में बारिश, कई जिलों में ओले गिरने से फसलों को नुकसान , 34 जिलों में अलर्ट

भोपाल, जबलपुर समेत आधे MP में बारिश, कई जिलों में ओले गिरने से फसलों को नुकसान , 34 जिलों में अलर्ट

भोपाल | मध्य प्रदेश में बदला मौसम, बारिश-ओलावृष्टि से किसानों की बढ़ी चिंता

मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। राजधानी भोपाल समेत इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिला है। इंदौर में 50 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से हवाएं चलीं, वहीं बैतूल और पांढुर्णा में चने के आकार के ओले गिरे। मंडला में 3.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि दमोह और अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।

इस बेमौसम बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। खेतों में खड़ी और कटी फसलें भीगने से नुकसान की आशंका बढ़ गई है। गेहूं, चना और सरसों जैसी रबी फसलें प्रभावित हुई हैं। कई जगहों पर जलभराव के कारण कटाई कार्य भी प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन पर गंभीर असर पड़ सकता है। वहीं, आम लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है।