MP Electricity Bill: मई में बिजली बिल बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं को झटका, संगठनों ने की रोक की मांग
मई में मध्य प्रदेश में बिजली बिल में 4% वृद्धि से उपभोक्ताओं को 50-100 रुपये अतिरिक्त देना होगा। नागरिक संगठनों ने मुख्यमंत्री से विद्युत अधिनियम 2003 के तहत इस वृद्धि पर रोक लगाने की मांग की। जबलपुर के 220 केवी सबस्टेशन में तकनीकी खराबी से एक घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
जबलपुर: मध्य प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को मई माह में बिजली बिल में वृद्धि का सामना करना पड़ सकता है। विद्युत नियामक आयोग के नए टैरिफ आदेश के तहत बिजली दरों में लगभग 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी के निर्देश वितरण कंपनी ने 1 अप्रैल 2025 को लागू कर दिए थे। इसके परिणामस्वरूप, 200 से 400 यूनिट बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को बिल में 50 से 100 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान करना होगा।
इस बढ़ोतरी के खिलाफ नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच, भारतीय वरिष्ठ नागरिक एसोसियेशन, महिला समिति, मानव अधिकार क्रांति संगठन और सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसियेशन ने कड़ा विरोध जताया है। इन संगठनों ने सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 108 के तहत इस वृद्धि पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
बिजली हानि में वृद्धि पर सवाल
नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के डॉ. नाजपांडे ने बताया कि मध्य प्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी के 24 जनवरी 2024 के सर्कुलर के अनुसार, बिजली हानि का प्रतिशत 15.45 था, जो 25 मार्च 2025 के सर्कुलर के अनुसार बढ़कर 17.22 प्रतिशत हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत नियामक आयोग ने बिजली कंपनियों की इस लापरवाही पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
तकनीकी खराबी से बिजली आपूर्ति बाधित
इधर, जबलपुर के नयागांव स्थित 220 केवी सबस्टेशन में रविवार शाम को तकनीकी खराबी के कारण एक घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। आइसोलेटर में आई खराबी के चलते शक्ति भवन, रामपुर, आईटी पार्क, सूपाताल, और संजीवनी नगर जैसे क्षेत्रों में शाम 6 से 7 बजे तक बिजली गुल रही। इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई और कई लोगों ने कॉल सेंटर में शिकायत दर्ज की।
साउथ डिवीजन के कार्यपालन अभियंता अभिषेक विश्वकर्मा ने बताया कि 220 केवी सबस्टेशन से आपूर्ति बाधित होने के कारण 33 केवी सबस्टेशनों की बिजली प्रभावित हुई थी। खराबी दूर करने के बाद सभी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
news desk MPcg