चीन के लियुयांग में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 21 की मौत, 61 घायल

चीन के लियुयांग में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 21 की मौत, 61 घायल

चीन के लियुयांग में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 21 की मौत, 61 घायल

लियुयांग में सोमवार शाम एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। चीन के हुनान प्रांत के गुआंडू टाउनशिप स्थित हुआशेंग फायरवर्क्स फैक्ट्री में शाम करीब 5 बजे धमाका हुआ, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई और 61 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास के गांवों में घरों की खिड़कियां व दरवाजे तक टूट गए। घटना के तुरंत बाद प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 500 बचावकर्मी राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सुरक्षा के मद्देनज़र फैक्ट्री के तीन किलोमीटर के दायरे को खाली करा लिया गया है, क्योंकि परिसर में मौजूद अन्य गोदामों में अब भी भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में फैक्ट्री से उठता सफेद धुएं का विशाल गुबार देखा गया है।

घटना पर शी जिनपिंग ने कड़ा संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज और लापता लोगों की खोज में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, औद्योगिक सुरक्षा मानकों की सख्त समीक्षा की बात कही है।

आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय की टीम मौके पर तैनात है और राहत कार्यों की निगरानी कर रही है। बचाव अभियान में अत्याधुनिक रोबोट्स की भी मदद ली जा रही है। पुलिस ने फैक्ट्री के वरिष्ठ अधिकारियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर चीन में औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।