दिल्ली में बड़ा चाइल्ड ट्रैफिकिंग रैकेट का पर्दाफाश, 20 से ज्यादा नवजात बच्चों की बिक्री का खुलासा; 12 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में बड़ा चाइल्ड ट्रैफिकिंग रैकेट का पर्दाफाश, 20 से ज्यादा नवजात बच्चों की बिक्री का खुलासा; 12 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने मानव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है और 5 नवजात बच्चों को सुरक्षित बरामद किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह संगठित गिरोह दूसरे राज्यों से बच्चों को लाकर उन्हें अवैध तरीके से बेचा करता था। शुरुआती जांच में पता चला है कि अब तक 20 से अधिक बच्चों की खरीद-फरोख्त की जा चुकी है।

फर्जी दस्तावेजों से बच्चों को बनाया ‘लीगल’

गिरोह बच्चों को बेचने से पहले उनके लिए फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार करता था, ताकि उन्हें कानूनी रूप से वैध दिखाया जा सके। इसके बाद यह बच्चे हरियाणा, राजस्थान सहित कई राज्यों में लाखों रुपये में बेचे जाते थे।

दिल्ली और राजस्थान से गिरफ्तारी

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली और राजस्थान से आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इस रैकेट में अभी और लोगों के शामिल होने की आशंका है, जिनकी तलाश जारी है।

नेटवर्क की गहराई से जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह एक इंटरस्टेट ह्यूमन ट्रैफिकिंग नेटवर्क है, जो संगठित तरीके से काम कर रहा था। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और अन्य कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

बरामद बच्चों की सुरक्षा पर फोकस

बरामद किए गए नवजात बच्चों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और चाइल्ड वेलफेयर एजेंसियों की निगरानी में उनकी देखभाल की जा रही है।