वैभव सूर्यवंशी को मिली टीम इंडिया की जर्सी नंबर 3, मां के सुझाव के पीछे छिपी है खास कहानी; आयरलैंड दौरे पर कर सकते हैं डेब्यू
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। महज 15 साल की उम्र में टीम इंडिया की सीनियर टी-20 टीम में जगह बनाने वाले वैभव को आयरलैंड दौरे से पहले भारतीय टीम की जर्सी नंबर 3 सौंपी गई है। इस नंबर के पीछे एक भावनात्मक और दिलचस्प कहानी जुड़ी हुई है, जिसका खुलासा खुद युवा बल्लेबाज ने किया है।
भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी-20 सीरीज 26 जून से बेलफास्ट में शुरू होने जा रही है। इस दौरे के लिए चुने गए वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले भारत के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने की दहलीज पर खड़े हैं। यदि उन्हें पहले मैच में मौका मिलता है तो वह 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जो अब तक महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है।
मां के सुझाव पर चुना जर्सी नंबर 3
वैभव सूर्यवंशी अब तक घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में जर्सी नंबर 12 पहनते रहे हैं। हालांकि भारतीय टीम में शामिल होने के बाद उन्हें जर्सी नंबर 3 मिला है। इस बदलाव के पीछे उनकी मां आरती सूर्यवंशी का सुझाव बताया जा रहा है।
एक इंटरव्यू में वैभव ने बताया था कि उनकी मां ने कहा था कि जर्सी नंबर 12 के अंकों (1+2) का योग 3 होता है, इसलिए उन्हें नंबर 3 अपनाना चाहिए। मां का मानना था कि यह नंबर उनके लिए भाग्यशाली साबित हो सकता है। वैभव ने इसी सलाह को मानते हुए नंबर 3 को अपना नया जर्सी नंबर बना लिया।
पहले भी पहन चुके हैं नंबर 3
यह पहली बार नहीं है जब वैभव नंबर 3 की जर्सी में नजर आए हैं। उन्होंने पिछले साल एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट और हाल ही में भारत-ए की वनडे ट्राई-नेशन सीरीज में भी यही नंबर पहना था। वहीं भारत अंडर-19 टीम के लिए खेलते समय वह नंबर 18 की जर्सी पहनते थे, जो भारतीय क्रिकेट में विराट कोहली से जुड़ा एक प्रतिष्ठित नंबर माना जाता है।
आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू की उम्मीद
टीम इंडिया आयरलैंड के खिलाफ नई टी-20 चक्र की शुरुआत करने जा रही है। ऐसे में सबसे ज्यादा नजरें वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं। आईपीएल, जूनियर और घरेलू क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित करने वाले इस युवा खिलाड़ी को पहले टी-20 मुकाबले में डेब्यू का मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अगर वैभव को अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है तो वह अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं। वहीं संजू सैमसन और ईशान किशन मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं।
भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल
वैभव सूर्यवंशी का संभावित अंतरराष्ट्रीय पदार्पण भारतीय क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है। कम उम्र में राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने वाले इस प्रतिभाशाली बल्लेबाज ने पहले ही क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि क्या नंबर 3 की नई जर्सी उनके लिए उतनी ही भाग्यशाली साबित होगी, जितनी उम्मीद उनकी मां ने की थी।
news desk MPcg