MP Police Recruitment 2026: सूबेदार और SI के 500 से ज्यादा पदों पर भर्ती, 9 सितंबर से आवेदन शुरू
23 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन, 28 अक्टूबर से शुरू होगी परीक्षा
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस मुख्यालय, गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार और सब-इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती में 500 से ज्यादा पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक उम्मीदवार 9 सितंबर 2026 से 23 सितंबर 2026 तक MPESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। भर्ती परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।
अलग-अलग पदों के लिए अलग योग्यता
सूबेदार, सब-इंस्पेक्टर विशेष सशस्त्र बल और सब-इंस्पेक्टर जिला पुलिस बल के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन जरूरी है। सब-इंस्पेक्टर आयुध पद के लिए मैकेनिकल इंजीनियरिंग में तीन साल का डिप्लोमा होना चाहिए। वहीं फोटो, क्वांटिटेटिव डाटा और फिंगरप्रिंट से जुड़े पदों के लिए मैथ, फिजिक्स और केमिस्ट्री विषयों के साथ बैचलर डिग्री या समकक्ष योग्यता मांगी गई है।
उम्र सीमा और वेतन
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम उम्र पुरुष उम्मीदवारों के लिए 33 वर्ष और महिला उम्मीदवारों के लिए 38 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्र की गणना 1 सितंबर 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम उम्र सीमा में छूट मिलेगी। चयनित उम्मीदवारों को लेवल-9 के तहत 36,200 से 1,14,800 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
दो चरणों में होगी लिखित परीक्षा
भर्ती प्रक्रिया में प्रारंभिक और मुख्य लिखित परीक्षा होगी। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम प्रोविजनल रहेगा। इसे पास करने वाले उम्मीदवार मुख्य परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और इंटरव्यू में शामिल होंगे। शारीरिक दक्षता परीक्षा में 800 मीटर दौड़, गोला फेंक और लंबी कूद शामिल होगी। गैर-तकनीकी पदों के लिए पदों की संख्या के 10 गुना उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया के लिए चुना जाएगा।
आवेदन शुल्क कितना है?
मध्य प्रदेश के मूल निवासी SC, ST, OBC और EWS उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये और अनारक्षित वर्ग के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है। विभागीय परीक्षा शुल्क अलग से देना होगा। अनारक्षित उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 200 रुपये और SC, ST, OBC तथा EWS उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये है।
news desk MPcg