खंडवा में पीएम मोदी के जन्मदिन पर 500 दीये जलाने का टारगेट
पंधाना जनपद पंचायत के सीईओ ने ग्राम पंचायतों को 17 सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश के मुताबिक, हर ग्राम पंचायत में कम से कम 500 दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही कार्यक्रम की फोटो, वीडियो और रील पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शाम 7 बजे गांवों और सरकारी परिसरों में होगा आयोजन
15 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे ग्राम पंचायत मुख्यालय, गांवों के प्रमुख स्थानों और शासकीय परिसरों में दीप जलाए जाएंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया है। आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता, शिक्षक, स्व-सहायता समूह और अन्य स्थानीय कर्मचारियों को भी आयोजन से जोड़ा जाएगा।
पीएम आवास से लेकर मंदिर और घाट तक जलेंगे दीप
कार्यक्रम के लिए पीएम आवास कॉलोनियां, अमृत सरोवर, जल संरचनाएं, स्कूल-कॉलेज, जन-औषधि केंद्र, आयुष्मान अस्पताल, पंचायत भवन, मंदिर, घाट और पर्यटन स्थलों समेत कई स्थान चिन्हित किए गए हैं। जिले में इस अभियान के तहत करीब 5 लाख दीप जलाने की तैयारी बताई गई है।
कई वर्गों को अभियान से जोड़ने के निर्देश
आदेश में किसानों, युवाओं, व्यापारियों, लघु उद्यमियों, पशुपालकों, श्रमिकों, जनजातीय परिवारों और महिला स्व-सहायता समूहों समेत विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। लाड़ली बहना, पीएम आवास और स्वामित्व योजना के लाभार्थियों, पथ विक्रेताओं, पारंपरिक कारीगरों, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और दिव्यांगजनों को भी कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश हैं।
फोटो-वीडियो के साथ डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार होगा
कार्यक्रम की फोटो, वीडियो और रील निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन के दौरान ग्रामीणों को मुख्यमंत्री का ऑडियो संदेश भी सुनाया जाएगा। पंचायतों के अलावा जिले के 27 प्रमुख स्थलों और नगरीय क्षेत्र के वार्डों में भी विशेष दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी है।
news desk MPcg