पेड गरबा आयोजन के खिलाफ हिंदूवादी संगठन का प्रदर्शन:उज्जैन में पोस्टर-बैनर फाड़े, चेतावनी-नहीं माने तो गरबा स्थल पर आकर सिखाएंगे सबक
उज्जैन में पेड गरबा आयोजन का विरोध: हिंदू जागरण मंच ने पोस्टर-बैनर फाड़े, आयोजकों को दी चेतावनी
उज्जैन में नवरात्रि के दौरान होने वाले व्यावसायिक और शुल्क आधारित गरबा आयोजनों को लेकर हिंदू जागरण मंच ने विरोध शुरू किया है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार रात तीन बत्ती स्थित शुभ बेकरी पहुंचकर प्रदर्शन किया।
राजाराम रिसोर्ट में 13 से 15 अक्टूबर तक आयोजन प्रस्तावित
शहर में 13 से 15 अक्टूबर तक राजाराम रिसोर्ट में ‘डांडिया बिट्स’ नाम से तीन दिवसीय कमर्शियल गरबा आयोजन प्रस्तावित है। इसमें शुभ बेकरी स्पॉन्सर के रूप में जुड़ी थी और उसके सोशल मीडिया अकाउंट से पास बिक्री को लेकर प्रचार किया जा रहा था।
बेकरी पहुंचकर संचालक से की बहस
आयोजन की जानकारी मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच की महिला विंग और युवा कार्यकर्ता शुभ बेकरी पहुंचे। संगठन के सदस्यों ने संचालक से करीब 15 मिनट तक चर्चा की और शुल्क आधारित कमर्शियल आयोजन से दूरी बनाने की बात कही।
पोस्टर-बैनर फाड़कर जताया विरोध
बहस के बाद कार्यकर्ताओं ने बेकरी पर लगे आयोजन के पोस्टर और बैनर उखाड़कर फाड़ दिए। प्रदर्शन में रितेश माहेश्वरी, अर्जुन सिंह भदौरिया, नीलू चौहान और मनीषा पटवा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगठन ने कहा- धार्मिक आयोजन की आड़ में फूहड़ता मंजूर नहीं
हिंदूवादी नेता अर्जुन सिंह भदौरिया ने कहा कि नवरात्रि माता की भक्ति का पर्व है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक गरबा आयोजन का स्वागत है, लेकिन टिकट आधारित व्यावसायिक आयोजनों में फूहड़ता और अश्लीलता को उज्जैन में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने शहर में ऐसे आयोजनों के खिलाफ विरोध जारी रखने की चेतावनी दी।v
news desk MPcg