इंदौर छावनी में रोड चौड़ीकरण के लिए फिर चला बुलडोजर:मथुरावाला बिल्डिंग समेत बाधक हिस्से तोड़े, तीन पोकलेन और दो जेसीबी के साथ पहुंचा अमला

इंदौर छावनी में रोड चौड़ीकरण के लिए फिर चला बुलडोजर:मथुरावाला बिल्डिंग समेत बाधक हिस्से तोड़े, तीन पोकलेन और दो जेसीबी के साथ पहुंचा अमला

इंदौर छावनी में रोड चौड़ीकरण के लिए फिर चला बुलडोजर: मथुरावाला बिल्डिंग समेत बाधक हिस्से तोड़े, 3 पोकलेन और 2 जेसीबी के साथ पहुंचा अमला

इंदौर के छावनी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह नगर निगम ने रोड चौड़ीकरण के लिए एक बार फिर रिमूवल कार्रवाई की। मास्टर प्लान के तहत सड़क चौड़ीकरण में बाधक मकानों और प्रतिष्ठानों के हिस्सों को हटाया गया। निगम की टीम 3 पोकलेन और 2 जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची।

मथुरावाला बिल्डिंग समेत कई हिस्से हटाए

छावनी चौराहे पर मथुरावाला प्रतिष्ठान की बिल्डिंग के कुछ हिस्सों सहित अन्य मकानों और दुकानों के बाधक हिस्सों को तोड़ा गया। निगम की टीम ने शुरुआत में मैन्युअली काम किया, इसके बाद मशीनों की मदद से कार्रवाई की गई। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।

पेंडिंग कार्रवाई पूरी करने पहुंचा निगम अमला

नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर प्रखर सिंह ने बताया कि मास्टर प्लान में शामिल छावनी रोड पर चौड़ीकरण के लिए कुछ बाधक हिस्सों को हटाने की कार्रवाई लंबित थी। शुक्रवार को इन्हीं हिस्सों को हटाने का काम किया जा रहा है। एक मकान का छज्जा और अन्य भवनों के बाधक हिस्से हटाए गए।

मई में भी हुई थी कार्रवाई

छावनी क्षेत्र में इससे पहले मई में भी रोड चौड़ीकरण को लेकर नगर निगम ने रिमूवल कार्रवाई की थी। इसके बाद सड़क का काम शुरू हुआ था। उस समय कार्रवाई का राजनीतिक विरोध भी हुआ था और कांग्रेस ने क्षेत्र में जन अधिकार यात्रा निकाली थी। शुक्रवार को निगम की टीम दोबारा बाधक हिस्से हटाने पहुंची।

पिछली कार्रवाई में बिजली का खंभा गिरने से डॉक्टर हुए थे घायल

पिछली रिमूवल कार्रवाई के दौरान मशीन में बिजली के तार उलझ गए थे। तार हटाने के प्रयास में जेसीबी चालक ने जोर लगाया, जिससे बिजली का खंभा उखड़कर होम्योपैथिक डॉक्टर कपिल दीक्षित के सिर पर गिर गया था। हादसे में वे घायल हुए थे। छावनी क्षेत्र में कई मकान और प्रतिष्ठान 100 साल से ज्यादा पुराने बताए जाते हैं। मथुरावाला बिल्डिंग में 5 फ्लोर और एक बेसमेंट है।