India Champions:इंडिया चैंपियंस की शानदार जीत: पाकिस्तान चैंपियंस को हराकर उठाई ट्रॉफी
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स ट्रॉफी में इंडिया चैंपियंस टीम ने पाकिस्तान चैंपियंस को हराकर ट्रॉफी जीत ली है।
सीटीटुडे । वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स ट्रॉफी में इंडिया चैंपियंस टीम ने पाकिस्तान चैंपियंस को हराकर ट्रॉफी जीत ली है। भारत ने पाकिस्तान की ओर से रखे गए 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.1 ओवर में पांच विकेट खोकर 159 रन बनाकर फाइनल अपने नाम कर लिया। इंडिया चैंपियंस की जीत में ओपनर अंबाती रायुडू और हाल में टीएमसी की ओर से सांसद बने यूसुफ पठान ने ताबड़तोड़ पारी खेलकर मैच में अहम भूमिका निभाई। फाइनल बर्मिंघम में खेला गया। इस लीग में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके खिलाड़ी खेल रहे थे।
इंडिया चैंपियंस टीम को रॉबिन उथप्पा और अंबाती रायुडू ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 34 रन बनाए। उथप्पा ने 10 रन बनाए। उथप्पा के आउट होने के बाद सुरेश रैना भी आउट हो गए। रैना 4 रन ही बना सके। रैना जब आउट हुए उस समय भारत का स्कोर 38 था। इसके बाद रायुडू को गुरकीरत सिंह का साथ मिला। दोनों ने स्कोर को 98 पर पहुंचाया। गुरकीरत 34 रन बनाकर आउट हुए। रायुडू ने 30 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से अर्धशतक लगाया। यूसुफ पठान 16 गेंदों पर 30 रन बनाकर आउट हुए वहीं कप्तान युवराज सिंह ने नाबाद 15 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से आमिर यमीन ने सबसे ज्यादा दो झटके दिए।
इससे पहले यूनिस खान की कप्तानी वाली पाकिस्तान चैंपियंस ने 6 विकेट पर 156 रन बनाए। अनुभवी शोएब मलिक ने 36 गेंदों पर 41 रन बनाए। वहीं ओपनर कामरान अकमल ने 24 रन का योगदान दिया। मकसूद 21 रन बनाकर आउट हुए तो मिस्बाह उल हक 18 रन बनाकर रिटायर्ड हुए। भारत की ओर से पेसर अनुरीत सिंह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। विनय कुमार, पवन नेगी और इरफान पठान ने एक-एक विकेट चटकाया। इस टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, विंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमों ने हिस्सा लिया था। रायुडू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
Newsdesk