महाराष्ट्र में फिर पक रही है सियासत?
अलग होने के बाद पहली बार अजित पवार ने की शरद पवार की तारीफ, एनडीए पर निशाना
मुंबई , सिटी टुडे । राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष अजित पवार ने आज सबको चौंका दिया। उन्होंने पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में अपने चाचा और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी शरद पवार की अप्रत्याशित रूप से प्रशंसा की। उन्होंने शरद पवार को अपना मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि शरद पवार पार्टी को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अजित पवार ने कहा, शरद पवार ने 25 साल पहले कांग्रेस की सोनिया गांधी की राष्ट्रीयता को लेकर एनसीपी की स्थापना की थी। मैं पार्टी का नेतृत्व करने और संगठन को शक्तिशाली नेतृत्व प्रदान करने के लिए उनका आभारी हूं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह एनडीए का हिस्सा हैं, लेकिन उनकी विचारधारा अलग है। उनका यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब पार्टी को लोकसभा चुनाव में खराब रिजल्ट का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं मोदी कैबिनेट 3.0 में उनकी पार्टी को प्राथमिकता भी नहीं मिली है। अब उनके बदले रुख से कई अटकलें शुरू हो गई हैं। जून 2023 में अपने चाचा से अलग होने के बाद अजीत पवार का पवार सीनियर की प्रशंसा में यह पहला बयान है। यह बयान लोकसभा चुनाव के नतीजों के कुछ दिनों बाद आया है। लोकसभा चुनाव में शरद पवार की एनसीपी ने 10 सीटों पर चुनाव लड़ा और आठ सीटें जीती हैं। अजीत की पार्टी ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ एक पर जीत हासिल की।
Newsdesk