शिवपुरी जिले में निजी स्कूलों का नियमों के खिलाफ संचालन, 8वीं तक की मान्यता के बावजूद 10वीं तक की कक्षाएं

शिवपुरी जिले में निजी स्कूलों का नियमों के खिलाफ संचालन, 8वीं तक की मान्यता के बावजूद 10वीं तक की कक्षाएं

शिवपुरी: जिले के पोहरी में अशासकीय स्कूलों के संचालन में गड़बड़ी सामने आई है। हाल ही में एसडीएम के निर्देश पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में पता चला कि कई स्कूलों में 8वीं तक की मान्यता प्राप्त होने के बावजूद 9वीं और 10वीं की कक्षाएं चल रही हैं।

निरीक्षण के दौरान चार से पांच कमरों में 10वीं तक की कक्षाएं संचालित मिलीं। इन कक्षाओं में एक ही कमरे में 72 बच्चे बैठे पाए गए। शिक्षकों की योग्यता संदिग्ध पाई गई, और कई शिक्षक मान्यता के विपरीत कार्यरत पाए गए। अधिकतर शिक्षक अप्रशिक्षित थे और उनके पास आवश्यक डिग्रियों की कमी थी।

स्मार्ट किड्स पब्लिक स्कूल में एलकेजी से 8वीं तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन यहां नवीं और दसवीं के छात्र भी पाए गए। प्रधानाध्यापिका कल्पना धाकड़ ने बताया कि इन छात्रों को अन्य स्कूल से अटैचमेंट कर पढ़ाया जा रहा है, लेकिन दस्तावेज़ और प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं थे।

गुरूदेव मिशन स्कूल में एक से आठ तक की कक्षाएं संचालित हो रही हैं, लेकिन यहां भी नवीं और दसवीं कक्षाएं चल रही हैं। यहां शिक्षक अप्रशिक्षित पाए गए और स्कूल का संचालन सीएम राइज पोहरी के उच्च माध्यमिक शिक्षक राजेंद्र धाकड़ द्वारा अप्रत्यक्ष रूप से किया जा रहा है।

लू सेंट पब्लिक स्कूल में भी आठवीं तक की मान्यता है, जबकि यहां नवीं और दसवीं के छात्र एक ही कमरे में पढ़ाई कर रहे हैं। प्रधानाध्यापक नेपाल सिंह धाकड़ ने बताया कि ये छात्र ट्यूशन के रूप में पढ़ाए जा रहे हैं। हालांकि, स्टाफ पंजी में दर्ज नाम पोर्टल पर नहीं थे और अधिकांश शिक्षक अप्रशिक्षित थे।

बीईओ अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि निरीक्षण में कई खामियां सामने आई हैं, जिनकी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है। स्कूलों के संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी।