दमोह: कार सवार बदमाशों ने मूर्तिकार पर चाकू से किया हमला, आरोपी का साथी भी जख्मी, दोनों का इलाज जारी
दमोह के पथरिया फाटक ओवरब्रिज के नीचे मंगलवार रात बदमाशों ने मूर्तिकार निक्की पर चाकू से हमला किया, जिसमें निक्की और हमलावर डीजे गंभीर रूप से घायल हो गए। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पथरिया फाटक इलाका संवेदनशील है, जहां चाकूबाजी की घटनाएं आम हैं।
दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के पथरिया फाटक ओवरब्रिज के नीचे रहने वाले एक मूर्तिकार पर मंगलवार रात कार से आए बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी का साथी भी चाकू लगने से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी भाग निकले, वहीं दोनों घायलों को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मूर्तिकार की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके पेट में गहरा घाव हो गया है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और दोनों घायलों से घटना की जानकारी लेकर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि चाकूबाजी में निक्की मूर्तिकार और डीजे नाम का युवक घायल हुआ है। पूछताछ में बताया गया है कि निक्की पथरिया फाटक स्थित अपनी दुकान पर बैठा था। मंगलवार रात उसकी दुकान पर कार से सुरेंद्र और डीजे नामक युवक आए थे, जिनका निक्की से कोई पुराना विवाद चल रहा था।
डीजे ने निक्की को पकड़ा और सुरेंद्र ने चाकू मारा। इसी बीच निक्की के छटपटाने पर चाकू डीजे को भी सिर में लग गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कार का चालक मौके से कार लेकर भाग गया। वहीं, आरोपी सुरेंद्र भी हटा नाका की ओर भाग गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को स्थानीय लोगों द्वारा इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। टीआई मनीष कुमार का कहना है कि हमारी टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है, जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। बता दें, पथरिया फाटक का इलाका काफी संवेदनशील है, यहां छोटी-छोटी बातों पर चाकूबाजी की घटनाएं होती रहती हैं।
news desk MPcg