BJP को जुलाई में मिलेगा नया अध्यक्ष, नाम तय? फैसले पर राष्ट्रीय परिषद की मुहर बाकी
जुलाई में बीजेपी को मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, दिल्ली में बड़े फैसले की तैयारी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों पर अब विराम लगने वाला है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक जुलाई माह में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा तय मानी जा रही है। इससे पहले 21 जुलाई से शुरू होने जा रहे संसद सत्र से पूर्व राष्ट्रीय परिषद की बैठक बुलाकर नए अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगाई जाएगी।
प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति पहले
राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले पार्टी 10 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों के नामों की घोषणा करेगी।
-
उत्तराखंड में ब्राह्मण चेहरा प्रमुख दावेदार
-
उत्तर प्रदेश में अब पिछड़ा वर्ग से अध्यक्ष की मांग
-
मध्य प्रदेश में जनजातीय नेता को मौका मिलने की संभावना
इन दिग्गजों के नाम चर्चा में
भाजपा के नए अध्यक्ष पद के लिए जिन नेताओं के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, उनमें शामिल हैं:
-
धर्मेंद्र प्रधान (केंद्रीय मंत्री)
-
शिवराज सिंह चौहान (कैबिनेट मंत्री)
-
मनोहर लाल खट्टर (कैबिनेट मंत्री)
किसी को संगठनात्मक अनुभव तो किसी को सामाजिक संतुलन के लिहाज से मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
जेपी नड्डा का कार्यकाल समाप्त, अब नया चेहरा तय
जेपी नड्डा जनवरी 2020 में भाजपा अध्यक्ष बने थे। उनका कार्यकाल 2023 में समाप्त होना था, जिसे लोकसभा चुनाव 2024 तक बढ़ा दिया गया था। अब चुनाव संपन्न होने के बाद पार्टी में संगठनात्मक पुनर्गठन की कवायद तेज हो गई है।
चुनाव प्रक्रिया की अधिसूचना जल्द
सूत्रों के मुताबिक, जून के दूसरे सप्ताह में चुनाव अधिसूचना जारी की जाएगी। पहले राज्य स्तरीय संगठनात्मक चुनाव होंगे, फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन होगा। पूरी प्रक्रिया पार्टी संविधान के अनुसार पारदर्शी तरीके से होगी। इसके लिए केंद्रीय चुनाव समिति का गठन किया जाएगा।
राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम चुनाव
भाजपा का नया अध्यक्ष सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि पार्टी के आगामी 2026 विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए रणनीतिक दिशानिर्देशक होगा। विपक्ष की भी इस चुनाव पर नजर बनी हुई है, क्योंकि इससे भाजपा की नीति, संगठनात्मक प्राथमिकताएं और आगामी राजनीति पर गहरा असर पड़ेगा।
news desk MPcg