अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को प्रदेश स्तरीय होंगे कार्यक्रम, जीएडी ने जारी किये दिशा-निर्देश
मध्यप्रदेश में 21 जून को भव्य स्तर पर मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, जिला-पंचायत स्तर तक होंगे योग सत्र
भोपाल। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश में प्रदेश स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 6 बजे से शुरू होकर 7:45 बजे तक किया जाएगा।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "एक पृथ्वी – एक स्वास्थ्य के लिए योग" (Yoga for One Earth, One Health) निर्धारित की गई है। यह अवसर खास इसलिए भी है क्योंकि 2025 में योग दिवस की 10वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। वर्ष 2015 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को योग दिवस के रूप में मान्यता दी थी।
सभी जिलों में व्यापक तैयारी
प्रदेशभर के जिला, विकासखंड और पंचायत स्तर पर सामूहिक योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें शासकीय और निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, आयुष, चिकित्सा, नर्सिंग, कृषि, पॉलीटेक्निक, पशु चिकित्सा और आईटीआई जैसे संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की गणना के लिए http://yoga.ayush.vog.in/yoga.sangam पोर्टल पर आयोजकों का ऑनलाइन पंजीयन आवश्यक किया गया है। इससे योग दिवस पर प्रदेश में होने वाले कार्यक्रमों की संख्या राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज हो सकेगी।
पर्यटन स्थलों पर भी योग
प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी विशेष योग कार्यक्रमों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रकृति के निकट योग का लाभ ले सकें और आयोजन को यादगार बनाया जा सके।
news desk MPcg