Indore News : जिम ट्रेनर सहित दो नशे के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई, कोकीन और ब्राउन शुगर बरामद

1 / 1

1.

इंदौर: जिम ट्रेनर सहित दो नशे के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई, कोकीन और ब्राउन शुगर बरामद

इंदौर क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को 10 ग्राम कोकीन के साथ जिम ट्रेनर अशद शेख को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अशद, जो खजराना का निवासी है, जिम में आने-जाने वाले युवाओं को पहले नशे की लत लगाता था और फिर ऊंचे दामों पर कोकीन बेचता था। अशद को नशे के कारोबार में “लायन” नाम से जाना जाता था।

क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि अशद पेशे से जिम ट्रेनर है और 12वीं तक पढ़ा-लिखा है। वह लंबे समय से कोकीन की तस्करी और बिक्री में लिप्त था। जांच में यह भी सामने आया कि अशद ने जिम से जुड़े कुछ लोगों को कोकीन की लत लगाई और जिम की आड़ में ग्राहकों तक पहुंच बनाकर ज्यादा मुनाफा कमाने का प्रयास कर रहा था। फिलहाल यह नहीं बताया गया है कि वह किस जिम में ट्रेनिंग देता था।

इसी बीच क्राइम ब्रांच ने एक अन्य कार्रवाई में बिलाल खान, निवासी कोहिनूर कॉलोनी, को गिरफ्तार किया। उसके पास से 10 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, बिलाल का नाम पहले पकड़े गए आरोपी दानिश शेख के पूछताछ में सामने आया था।

पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में यह पता लगाया जा रहा है कि नशे की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारी की संभावना है।