भोपाल।
मध्यप्रदेश इस समय भीषण सर्दी और घने कोहरे की चपेट में है। प्रदेश के आधे से अधिक हिस्से में कोल्ड वेव और कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है। कई जिलों में रात का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राजधानी भोपाल में जनवरी की सर्दी ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जहां एक ही रात में तापमान 5.6 डिग्री गिरकर 3.8 डिग्री पर पहुंच गया।
ग्वालियर-चंबल अंचल में हालात सबसे ज्यादा गंभीर हैं। दतिया में सुबह विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली से आने वाली कई ट्रेनें 5 से 6 घंटे तक लेट रहीं।
तेज ठंड को देखते हुए इंदौर, रायसेन, ग्वालियर और नर्मदापुरम में बुधवार को भी स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। वहीं भोपाल, सीहोर, धार समेत कुछ जिलों में स्कूल सुबह 9 बजे के बाद खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने भोपाल, सीहोर, राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण जनवरी में भी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।