भोपाल में दर्दनाक हादसा: भभूत समझकर चूहामार दवा खाने से 12वीं की छात्रा की मौत
1.
भोपाल से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मासूम गलती ने 12वीं की छात्रा की जान ले ली। ईटखेड़ी थाना क्षेत्र के लांबाखेड़ा इलाके में रहने वाली 17 वर्षीय वैष्णवी सेन की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वैष्णवी ने पूजा के बाद भभूत समझकर चूहा मारने की दवा का सेवन कर लिया था।
घटना 26 जनवरी की है। जानकारी के मुताबिक, घर में बने मंदिर में पूजा के बाद चूहों की समस्या के चलते वैष्णवी की मां ने मंदिर में चूहामार दवा रख दी थी। कुछ देर बाद वैष्णवी ने भी वहीं पूजा की और पाउडरनुमा दवा को भभूत समझकर खा लिया। इसके बाद वह रोज़ की तरह कोचिंग चली गई।
कोचिंग से लौटने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टियां शुरू हो गईं। पूछताछ पर वैष्णवी ने बताया कि उसने मंदिर में रखी भभूत खाई है। तब परिजनों को पता चला कि वह भभूत नहीं बल्कि चूहा मारने की दवा थी। घबराए परिजन तुरंत उसे भानपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
हालांकि, कुछ दिनों बाद वैष्णवी की हालत फिर बिगड़ गई। तीन दिन पहले उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ईटखेड़ी थाने के एएसआई एस.के. बाजपेयी के अनुसार, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि वैष्णवी एक निजी स्कूल में 12वीं की छात्रा थी और 10 फरवरी से उसकी बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली थीं। यह घटना न सिर्फ एक परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए गहरी चेतावनी है।
news desk MPcg