सीएम डॉ. मोहन ने कालापीपल को दी 30.86 करोड़ की सौगात, दोहराया UCC को लागू करने का संकल्प
शाजापुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को शाजापुर जिले के कालापीपल में आयोजित किसान समृद्धि संकल्प सम्मेलन एवं 'हरा-भरा कालापीपल' पौधरोपण अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र को 30.86 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कई परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया तथा शाजापुर के लिए नई सड़कों और रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की घोषणा भी की। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री का भव्य रोड शो निकाला गया, जहां नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
इसी महीने UCC लागू करने का प्रयास
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code - UCC) लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी महीने विधानसभा में इसे लागू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक ही देश में अलग-अलग समुदायों के लिए अलग-अलग कानून होना उचित नहीं है। सभी नागरिकों के लिए समान कानून होना चाहिए, जिससे महिलाओं सहित सभी वर्गों को समान अधिकार और न्याय मिल सके।
किसानों को मिलेगा एक साल का ऋण, ब्याज की परेशानी होगी खत्म
मुख्यमंत्री ने किसानों के हितों को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि अब किसानों को छह-छह महीने में ऋण नवीनीकरण की परेशानी नहीं होगी। सरकार एक वर्ष की अवधि का कृषि ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की लागत कम और आय दोगुनी करना सरकार का लक्ष्य है तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसल खरीद की व्यवस्था लगातार मजबूत की जा रही है।
शाजापुर की धरती को बताया 'सोना उगलने वाली'
मुख्यमंत्री ने शाजापुर की प्राकृतिक सुंदरता और कृषि क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र प्रदेश की समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नेवज, लकुंदर, चिल्लर और पार्वती जैसी नदियों का आशीर्वाद इस क्षेत्र को प्राप्त है। उन्होंने प्रसिद्ध गीत "मेरे देश की धरती सोना उगले" का उल्लेख करते हुए कहा कि शाजापुर वास्तव में प्रदेश के लिए सोना उगलने वाली धरती है।
सिंचाई, बिजली और नर्मदा जल परियोजना का किया उल्लेख
डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में सिंचाई का रकबा कई गुना बढ़ाया है और किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि शाजापुर के 118 गांवों तक नर्मदा का जल पहुंच चुका है और शेष गांवों तक भी जल्द पानी पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों ने किसानों, सिंचाई और जल प्रबंधन की अनदेखी की। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में सिंचाई का क्षेत्र तेजी से बढ़ा है और किसानों को एमएसपी, किसान सम्मान निधि तथा अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों और गरीबों के हित में लगातार काम कर रही है।
लाड़ली बहना योजना और महिला सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक महिलाओं के खातों में 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है और सरकार उनके सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के लिए लगातार काम कर रही है।
निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि कालापीपल क्षेत्र के पास पेप्सिको का प्लांट स्थापित हो रहा है, जिससे किसानों को आलू उत्पादन का बेहतर बाजार मिलेगा। साथ ही उन्होंने किसानों को कृषि के साथ होम-स्टे और दुग्ध उत्पादन जैसे वैकल्पिक आय स्रोत अपनाने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, बड़ी संख्या में किसानों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने पौधरोपण अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
news desk MPcg