दुर्ग में कांग्रेस नेता की चाकू मारकर हत्या, लूट के विरोध पर बदमाशों ने किया हमला
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार देर रात कांग्रेस नेता की सरेराह हत्या का मामला सामने आया है। लूट की नीयत से आए चार बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें बीच सड़क पर रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया और मोबाइल व करीब 4 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
मृतक की पहचान प्रकाश सिंह कश्यप (45) के रूप में हुई है। वह ग्राम तुमाकला के पंच और धमधा मंडल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप गांव की सरपंच हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्रकाश सिंह कश्यप रविवार रात अपने दो साथियों के साथ भिलाई के शंकराचार्य अस्पताल गए थे। देर रात करीब 2 बजे बाइक से घर लौटते समय करहीडीह और चिखली चौक के बीच चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने पहले मोबाइल और पैसे छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने चाकू से कई वार कर दिए। हमले में प्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद साथी ने किसी तरह बचकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल और मॉर्चुरी के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।
जेवरा सिरसा पुलिस चौकी के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का लग रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
news desk MPcg