छत्तीसगढ़ के बागबाहरा में सरकारी क्वार्टर में मिलीं पति-पत्नी और दो बच्चों की लाशें, मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा में एक सरकारी आवास में एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ के बागबाहरा में सरकारी क्वार्टर में मिलीं पति-पत्नी और दो बच्चों की लाशें, मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. जहाँ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के एक सरकारी क्वार्टर में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं. जिसमे पति, पत्नी और बच्चे शामिल हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बसंत पटेल (41), उनकी पत्नी भारती पटेल (38), बेटी सेजल (11) और बेटे कियांश (4) के रूप में हुई है। बसंत पटेल आदिम जाति कल्याण विभाग में प्यून के पद पर कार्यरत थे और अपने परिवार के साथ बागबाहरा के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहते थे। पुलिस को तब सूचना मिली जब पड़ोसियों ने देखा कि पटेल परिवार का घर सुबह देर तक बंद रहा और कोई हलचल नहीं दिखी। संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़ा तो अंदर का मंजर देखकर सभी स्तब्ध रह गए। बसंत पटेल का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चों के शव कमरे में पड़े थे।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भारती और दोनों बच्चों की मौत संभवतः जहर सेवन से हुई है। आशंका जताई जा रही है कि बसंत पटेल ने पहले अपनी पत्नी और बच्चों को जहर दिया और फिर स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

महासमुंद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है वहीँ पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना के पीछे के कारणों की तहकीकात कर रही है। अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि इस कदम के पीछे क्या कारण थे।

इस घटना से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पड़ोसियों का कहना है कि पटेल परिवार सामान्य रूप से रहता था और उनके बीच किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं थी। कुछ लोगों ने बताया कि बसंत पटेल पिछले कुछ समय से तनाव में दिखाई दे रहे थे, लेकिन कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है।

पुलिस इस मामले में हर पहलू की जांच कर रही है, जिसमें पारिवारिक विवाद, आर्थिक तंगी या अन्य संभावित कारण शामिल हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।