गुना में बड़ी डकैती: सहायक सचिव के घर से 2 किलो सोना, 12 लाख कैश पार, पारदी गिरोह पर शक

गुना में बड़ी डकैती: सहायक सचिव के घर से 2 किलो सोना, 12 लाख कैश पार, पारदी गिरोह पर शक

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में देर रात एक बड़ी डकैती की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के चक चुरेला गांव में हथियारों से लैस बदमाशों ने एक सहायक सचिव के घर धावा बोल दिया। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर घर में रखे लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, वारदात रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। जब परिवार के लोग सो रहे थे, तभी कई बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने परिजनों को कमरों में बंद कर दिया और पूरे घर की तलाशी शुरू कर दी। इस दौरान बदमाश घर में रखी करीब 2 किलो सोना, 1 किलो चांदी, 12 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और तिजोरी लेकर फरार हो गए।

डकैतों के हौसले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे घर में रखी भारी तिजोरी तक अपने साथ ले गए। वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद फतेहगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया। टीमों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य सबूत जुटाने की कोशिश की। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

शुरुआती जांच में पुलिस को इस वारदात के पीछे पारदी गिरोह का हाथ होने का शक है। संदिग्धों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें जंगलों और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

इस बड़ी डकैती के बाद चक चुरेला गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।