शाजापुर में रोज के जाम से परेशान हुए स्कूली बच्चे, मंडी गेट पर लगाया ताला; अफसरों को सुनाई समस्या
शाजापुर में स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों का रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर गुस्सा फूट पड़ा। बच्चों ने कृषि उपज मंडी के गेट पर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। एसडीएम और पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद बच्चों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
शाजापुर। शहर में कृषि उपज मंडी के आसपास रोजाना लगने वाले जाम से परेशान स्कूली विद्यार्थियों ने मंगलवार को अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। ग्राम बमौरी, खेड़ा और आसपास के क्षेत्रों से शाजापुर के सांदीपनि विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों ने मंडी के पीछे वाले गेट पर ताला लगा दिया। बच्चों के प्रदर्शन के कारण मंडी में उपज लेकर पहुंचने वाले वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित रही।
विद्यार्थियों का कहना था कि मंडी में कृषि उपज लेकर आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहन सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े हो जाते हैं। इससे रास्ते पर लंबा जाम लग जाता है। खासकर स्कूल के समय स्थिति ज्यादा परेशानी वाली हो जाती है। जाम के कारण स्कूल बसों को अंदर आने में दिक्कत होती है और बच्चों को कई बार पैदल चलकर बस तक पहुंचना पड़ता है।
बारिश के बीच करीब एक घंटे चला प्रदर्शन
मंगलवार को भी जब बच्चों को रास्ते में जाम की समस्या का सामना करना पड़ा तो उनका धैर्य जवाब दे गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी मंडी गेट पर पहुंच गए और वहां ताला लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान हल्की बारिश भी हो रही थी, लेकिन बच्चे अपनी समस्या के समाधान की मांग को लेकर गेट पर डटे रहे।
प्रदर्शन के कारण प्याज सहित अन्य कृषि उपज लेकर मंडी पहुंचने वाले वाहनों को प्रवेश में परेशानी हुई। करीब एक घंटे तक मंडी के गेट पर स्थिति बनी रही।
पढ़ाई भी हुई प्रभावित
जाम और विरोध प्रदर्शन का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी पड़ा। बच्चों का कहना था कि रोजाना रास्ते में लगने वाले जाम के कारण स्कूल पहुंचने में देरी होती है। मंगलवार को भी प्रदर्शन के चलते विद्यार्थियों का स्कूल समय प्रभावित हुआ और पढ़ाई का करीब आधा समय बच्चे मंडी गेट के आसपास ही खड़े रहे।
विद्यार्थियों ने अधिकारियों से मांग की कि स्कूल आने-जाने के समय मंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए, ताकि स्कूल बसों और विद्यार्थियों को परेशानी न हो।
एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने दिया आश्वासन
मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम और थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी। अधिकारियों ने जाम की समस्या का समाधान कराने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया और मंडी गेट से ताला हटाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी में कृषि उपज की आवक बढ़ने के दौरान सड़क पर वाहनों की संख्या भी बढ़ जाती है। ऐसे में यदि वाहनों की पार्किंग और आवाजाही की व्यवस्था पहले से तय कर दी जाए तो जाम की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
अब विद्यार्थियों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन के सामने चुनौती है कि स्कूल समय में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए, ताकि बच्चों को रोजाना जाम के बीच स्कूल जाने के लिए मजबूर न होना पड़े।
news desk MPcg