मां की मौत के बाद बीमा पैसे के लिए रिश्वतखोरी, SBI मैनेजर को CBI ने रंगे हाथ पकड़ा
झारखंड के गोड्डा जिले से भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की डुमरिया शाखा के मैनेजर रोहित कुमार सिंह को सीबीआई ने 77 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने शिकायत मिलने के बाद जाल बिछाकर की।
बीमा राशि के बदले मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, यह मामला प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मिलने वाले दो लाख रुपये के बीमा क्लेम से जुड़ा है। शिकायतकर्ता की मां के निधन के बाद जब वह बीमा राशि और बैंक खाते में मौजूद पैसे को प्राप्त करने के लिए बैंक के चक्कर लगा रहा था, तभी शाखा प्रबंधक द्वारा उससे रिश्वत की मांग की गई।
दो अलग-अलग कामों के लिए तय की गई रकम
शिकायत के अनुसार, बैंक मैनेजर ने बीमा क्लेम पास करने के लिए 60 हजार रुपये और खाते में पड़े 35 हजार रुपये की निकासी पर लगी रोक हटाने के लिए 17 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की थी। कुल मिलाकर 77 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी।
CBI की शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
पीड़ित की शिकायत 31 मई को सीबीआई के पास पहुंची थी। इसके बाद एजेंसी ने पूरे मामले का सत्यापन कराया और आरोप सही पाए जाने पर केस दर्ज किया। सोमवार को सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी मैनेजर को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
कार्यालय और घर पर छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम ने आरोपी के बैंक कार्यालय और आवासीय परिसर की तलाशी ली, जहां कई दस्तावेजों की जांच की गई। बाद में आरोपी को धनबाद स्थित सीबीआई विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच अभी जारी
सीबीआई का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी के वित्तीय लेन-देन और संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है। इस घटना ने बैंकिंग सिस्टम में भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
news desk MPcg