नायब सिंह सैनी सरकार का शपथ ग्रहण थोड़ी देर में, मंत्री बनने वाले 11 विधायक मंच पर मौजूद
हरियाणा विधानसभा चुनाव में अपनी जीत से कई लोगों को हैरान करने वाली भाजपा अब सरकार बनाने जा रही है। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय पंचकूला में नायब सिंह सैनी और मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद हैं।
हरियाणा में विधानसभा चुनाव का शपथ ग्रहण थोड़ी देर में है। पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित दशहरा मैदान में नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।उनके साथ कुछ मंत्री भी शपथ लेंगे, लेकिन ये कौन होंगे, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। एक दिन पहले ही नायब सिंह सैनी विधायक दल के नेता चुने गए थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशेष उपस्थिति में विधायक दल का नेता चुना गया था।शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित हैं। एनडीए घटक दलों के नेता भी हैं।एक दिन पहले विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नायब सिंह सैनी ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की थी और सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उन्होंने विधायकों की लिस्ट भी सौंपी थी।
आपको बता दे नायब सिंह सैनी मार्च 2024 में मनोहर लाल की जगह हरियाणा के मुख्यमंत्री बने थे। पार्टी के ओबीसी चेहरे सैनी ने विधानसभा चुनाव में कुरुक्षेत्र की लाडवा सीट से जीत दर्ज की है।सैनी भाजपा का ओबीसी चेहरा हैं, जो लो-प्रोफाइल रहकर काम करते हैं। सैनी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। संघ में रहते हुए ही उनकी मुलाकात मनोहर लाल खट्टर से हुई थी। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए थे। पहले अंबाला छावनी में अध्यक्ष सहित कई स्थानीय पार्टी कार्यालयों में काम किया।2010 में नारायणगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन रामकिशन गुर्जर से हार गए थे। 2014 में चुनाव जीता और हरियाणा सरकार का राज्य मंत्री बने।
Newsdesk