जम्मू-कश्मीर: पुंछ के सूरनकोट में सेना-पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, आतंकी ठिकाने से 5 IED सहित भारी मात्रा में सामान बरामद

पुंछ के सूरनकोट में सेना और पुलिस ने आतंकी ठिकाने पर छापा मारकर 5 IED सहित गैस सिलेंडर, वायरलेस सेट और अन्य सामान बरामद किया। ऑपरेशन ने पहलगाम हमले से जुड़ी बड़ी साजिश को नाकाम किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई।

जम्मू-कश्मीर: पुंछ के सूरनकोट में सेना-पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, आतंकी ठिकाने से 5 IED सहित भारी मात्रा में सामान बरामद

पुंछ, 5 मई 2025: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सूरनकोट सेक्टर में सुरक्षा बलों ने एक बड़े आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ करते हुए आतंकवादियों की नापाक साजिश को नाकाम कर दिया। भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की संयुक्त कार्रवाई में हरि मारोटे गांव के जंगल में छिपे एक ठिकाने से पांच इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) सहित कई संदिग्ध सामान बरामद किए गए। यह ऑपरेशन हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुरू किए गए सघन तलाशी अभियान का हिस्सा था।

सुरक्षा बलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि सूरनकोट के घने जंगलों में आतंकी गतिविधियों की योजना बनाई जा रही है। इसके आधार पर रविवार देर रात सेना, पुलिस और SOG ने संयुक्त रूप से हरि मारोटे गांव के मरहोट क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान एक गुप्त ठिकाने का पता चला, जहां आतंकियों ने विस्फोटक और अन्य सामान छिपा रखा था। अधिकारियों के अनुसार, बरामद पांच IED में से तीन टिफिन बॉक्स में और दो स्टील की बाल्टियों में छिपाए गए थे। इनका वजन आधा किलोग्राम से पांच किलोग्राम के बीच था। सुरक्षा बलों ने इन विस्फोटकों को मौके पर ही नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया। 

बरामद सामान :-

1) 5 IED (तीन टिफिन बॉक्स और दो स्टील की बाल्टियों में)  

2) 5 लीटर का एक गैस सिलेंडर  

3) एक काले रंग का दूरबीन  

4) दो वायरलेस सेट  

5) दो ऊनी टोपियां  

6) तीन काले रंग की पैंट  

7) यूरिया के पांच पैकेट  

8) तीन कंबल  

पहलगाम हमले से जोड़कर जांच

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं। खुफिया एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि श्रीनगर सेंट्रल जेल और जम्मू के कोट बलवाल जेल जैसे हाई-सिक्योरिटी स्थानों पर हमले की साजिश रची जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों को पाकिस्तानी कमांडो-स्तर की ट्रेनिंग दी गई थी, और घाटी में अभी भी 15-20 ऐसे प्रशिक्षित आतंकी सक्रिय हो सकते हैं। पुंछ में मिला यह ठिकाना उसी साजिश का हिस्सा माना जा रहा है।