स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास कार्य समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएँ: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला
भोपाल, 4 जून 2026। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने मंत्रालय में स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएँ। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार समय पर हो सके।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भवन निर्माण के साथ-साथ फर्नीचर, चिकित्सा उपकरणों और मानव संसाधनों की व्यवस्था भी समय रहते पूरी की जाए, जिससे नए स्वास्थ्य संस्थानों में शीघ्र स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जा सकें। उन्होंने ऐसे प्रस्तावों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, जिनमें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार संशोधन या अतिरिक्त कार्यों की जरूरत हो।
बैठक में आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा धनराजू एस ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण के साथ-साथ आवश्यक संसाधनों और मैनपावर की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि संचालन में किसी प्रकार की देरी न हो।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि पीआईयू द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), बीपीएचयू, सीसीएचबी, औषधालय और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के कुल 137 निर्माण कार्य वर्ष 2026-27 में किए जा रहे हैं। इनमें से 45 स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि जून माह के अंत तक 7 और संस्थान तैयार हो जाएंगे।
योजना के अनुसार द्वितीय तिमाही में 28, तृतीय तिमाही में 33 तथा वित्तीय वर्ष के अंत तक 13 अतिरिक्त स्वास्थ्य संस्थानों का निर्माण पूरा किया जाएगा। इस प्रकार वर्ष 2026 के अंत तक प्रदेश में कुल 126 स्वास्थ्य संस्थान तैयार होकर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए उपलब्ध होंगे।
बैठक में पीआईयू के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
news desk MPcg