पटना में NEET छात्रा की दर्दनाक मौत, हॉस्टल के कमरे में मिला फंदे से लटका शव; जांच में सामने आए परेशान किए जाने के संकेत

पटना में NEET छात्रा की दर्दनाक मौत, हॉस्टल के कमरे में मिला फंदे से लटका शव; जांच में सामने आए परेशान किए जाने के संकेत

पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही एक छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान समस्तीपुर की रहने वाली श्रुति कुमारी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके और हॉस्टल में कोहराम मच गया है।

सुबह कमरा न खोलने पर हुआ शक

जानकारी के मुताबिक, श्रुति सचिवालय कॉलोनी के रोड नंबर-2ए स्थित एक निजी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। सोमवार रात को वह सामान्य रूप से खाना खाकर अपने कमरे में सोने गई थी। मंगलवार सुबह जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई और सहेलियों के आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो संदेह हुआ। छात्राओं ने जब दरवाजे को धक्का दिया तो वह खुल गया, जहां अंदर श्रुति का शव फंदे से लटका हुआ था।

सहेली से बयां किया था दर्द

हॉस्टल संचालिका आभा सिंह ने तुरंत इस मामले की सूचना पत्रकार नगर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि श्रुति पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान थी और उसने अपनी एक सहेली से इस बात का जिक्र भी किया था। उसकी सहेली ने उसे मानसिक शांति के लिए कुछ दिन घर जाने की सलाह दी थी, जिसके बाद वह करीब 10 दिन पहले ही अपने घर से पटना वापस लौटी थी।

युवक पर परेशान करने का आरोप, मोबाइल खंगाल रही पुलिस

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक युवक श्रुति को लगातार परेशान कर रहा था, जिससे तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस अभी किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची है। घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स व चैट की जांच की जा रही है। मृतका की मां एक शिक्षिका हैं और पिता किसान हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।