क्रिकेट प्रेमियों के लिए सुनहरा मौका, 5 दिन का टेस्ट मैच एक ही टिकट पर
क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला ऐतिहासिक टेस्ट मैच 6 से 10 जून के बीच मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
बीसीसीआई और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा इस टेस्ट मैच के टिकटों की कीमतें घोषित कर दी गई हैं, जो आम दर्शकों के लिए किफायती और प्रीमियम अनुभव दोनों को ध्यान में रखकर तय की गई हैं। टिकटों की कीमत ₹250 से शुरू होकर ₹10,000 तक रखी गई है।
साउथ अपर टियर के सामान्य दर्शक टिकट की कीमत ₹250 तय की गई है, जबकि साउथ पवेलियन-ए के टिकट ₹2,000 और हरभजन सिंह पवेलियन-बी के टिकट ₹2,500 में उपलब्ध होंगे। वहीं कॉर्पोरेट बॉक्स के टिकट ₹4,000 से शुरू होंगे और प्रीमियम एसी लाउंज (लेवल-1) के टिकट ₹10,000 तक जाएंगे, जिसमें दर्शकों को खाने-पीने की सुविधा भी मिलेगी।
इस टेस्ट मैच की सबसे खास बात यह है कि एक बार खरीदा गया टिकट पूरे पांच दिनों तक मान्य रहेगा। यानी दर्शकों को हर दिन अलग टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी, जिससे क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।
मुल्लांपुर में होने वाला यह मुकाबला भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट क्रिकेट का एक ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है। स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है और टिकटों की ऑनलाइन बिक्री भी शुरू हो चुकी है।
news desk MPcg