बटाला में ससुराल वालों से तंग आकर युवक ने नहर में कूदकर की खुदकुशी, मरने से पहले परिजनों को भेजा वीडियो

बटाला में ससुराल वालों से तंग आकर युवक ने नहर में कूदकर की खुदकुशी, मरने से पहले परिजनों को भेजा वीडियो

पंजाब के बटाला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अलीवाल रोड के रहने वाले एक युवक जोबनप्रीत सिंह ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से तंग आकर लाहौर ब्रांच नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से ठीक पहले युवक ने एक भावुक वीडियो बनाकर अपने परिजनों को भेजा, जिसमें उसने अपनी मौत के जिम्मेदार लोगों के नामों का खुलासा किया है।

शादी के महज 6 महीने बाद ही विवाद

जानकारी के अनुसार, जोबनप्रीत सिंह का विवाह करीब छह महीने पहले ही सिमरनजीत कौर के साथ हुआ था। मृतक के पिता हरपिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले जोबनप्रीत पर 'घर जमाई' बनने का दबाव बना रहे थे। जोबनप्रीत अपने बुजुर्ग पिता को अकेला छोड़कर जाने के लिए तैयार नहीं था, जिसे लेकर घर में लगातार कलह चल रही थी।

घर में घुसकर की मारपीट

पीड़ित पिता के अनुसार, 31 मई को बहु सिमरनजीत कौर ने फिर से झगड़ा शुरू कर दिया और अपने मायके वालों (दादा खजान सिंह, बुआ स्वीटी और खुशदीप कौर) को बुला लिया। इन सभी ने मिलकर जोबनप्रीत के साथ बुरी तरह मारपीट की। इस घटना से बुरी तरह घबराया और आहत जोबनप्रीत अपनी एक्टिवा लेकर घर से निकल गया।

वीडियो क्लिप भेजकर बयां किया दर्द

रात करीब 9:30 बजे जोबनप्रीत ने अपने परिवार के मोबाइल पर एक वीडियो क्लिप भेजी, जिसमें उसने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना और अपनी संपत्ति हड़पे जाने के डर का जिक्र किया। वीडियो भेजने के तुरंत बाद उसने अलीवाल नहर में छलांग लगा दी।

पुलिस की कार्रवाई 5 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार

घटना की सूचना मिलते ही थाना घनिए के बांगर की पुलिस एक्शन में आई। एएसआई नरेश कुमार के नेतृत्व में की गई शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद 6 आरोपियों में से 5 को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है।