डोमिनिकन रिपब्लिक में प्राइवेट जेट क्रैश, रनवे पर आग का गोला बना विमान, पायलट और को-पायलट की मौत

डोमिनिकन रिपब्लिक में प्राइवेट जेट क्रैश, रनवे पर आग का गोला बना विमान, पायलट और को-पायलट की मौत

डोमिनिकन रिपब्लिक के ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश के दौरान एक प्राइवेट जेट रनवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और देखते ही देखते आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया। इस हादसे में पायलट और को-पायलट दोनों की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, गल्फस्ट्रीम G200 प्राइवेट जेट ला रोमाना से अमेरिका के टेक्सास स्थित ऑस्टिन के लिए उड़ान भर रहा था। उड़ान के दौरान विमान में अचानक गंभीर तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद पायलट ने इमरजेंसी घोषित कर विमान को वापस एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला किया।

रनवे पर उछला विमान, फिर लगी भीषण आग

एविएशन अधिकारियों के अनुसार, विमान एयरपोर्ट से करीब 16 नॉटिकल मील दूर था जब इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया। लैंडिंग के दौरान विमान रनवे पर असंतुलित होकर पीछे के पहियों के सहारे घिसटता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद वह जोर से उछला और तुरंत आग की चपेट में आ गया।

कुछ ही सेकेंड में विमान पूरी तरह आग के गोले में बदल गया और आसमान में काले धुएं का घना गुबार फैल गया। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है।

यात्री नहीं थे सवार

नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि विमान में कोई यात्री सवार नहीं था। केवल पायलट और को-पायलट ही मौजूद थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जांच शुरू, तकनीकी खराबी पर शक

स्थानीय नागरिक उड्डयन संस्थान ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट में तकनीकी खराबी को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

यह हादसा एक बार फिर विमान सुरक्षा और तकनीकी रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।