नीतीश कुमार के अगले कदम पर है सबकी नजर
नीतीश कुमार के अगले कदम पर है सबकी नजर
पटना । बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के महागठबंधन छोड़ने की चर्चा के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) दोनों उत्सुकता से श्री कुमार के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं। भाजपा भी इस मुद्दे पर चुप है, क्योंकि वह भी इस संबंध में श्री कुमार की औपचारिक घोषणा का इंतजार कर रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता राधामोहन सिंह ने श्री कुमार का नाम लिए बगैर उनसे इस दलदल से बाहर निकलने की अपील की।
एक अन्य हिंदू फायर ब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा- कि न तो श्री नीतीश कुमार और न ही राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अब तक अपनी मंशा साफ की है। उन्होंने कहा कि भाजपा की भूमिका तभी शुरू होगी। जब श्री कुमार महागठबंधन से बाहर निकलने की औपचारिक घोषणा करेंगे। इस बीच राजद ने श्री नीतीश कुमार के फैसले के आधार पर अपनी आगे की रणनीति तय करने के लिए विधायक दल की अहम बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने अपनी पार्टी के विधायकों से अपील की कि वे महागठबंधन सरकार में पिछले डेढ़ साल के दौरान राजद की उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताएं। उन्होंने अपने विधायकों को मनाने की कोशिश करते हुए कहा- कि श्री नीतीश कुमार जहां चाहें वहां जाएं।
उन्होंने राज्यपाल के समक्ष अपने समर्थन में पार्टी विधायकों की कोई भी परेड आयोजित करने से इनकार करते हुए विधायकों से चुनाव का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा। कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य प्रेमचंद मिश्रा ने दावा किया। कि श्री नीतीश कुमार महागठबंधन के साथ हैं, और उनके राजग की ओर जाने की संभावना कम है। उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार महागठबंधन सरकार के नेता हैं। इस बीच बक्सर से वापस आते ही श्री नीतीश कुमार ने जदयू कोर कमेटी की आपात बैठक भी की। बैठक में भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी जल संसाधन मंत्री संजय झा, वित्त मंत्री विजय चौधरी, ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव और उनकी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह शामिल हुए।
राज्य विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने भी पूर्णिया में एक बैठक बुलाई, जहां यह पता चला, कि 19 में से केवल 10 विधायक बैठक में शामिल हुए जबकि नौ की अनुपस्थिति स्पष्ट है। जदयू विधायक गोपाल मंडल ने दावा किया कि कांग्रेस के कुछ विधायक जदयू नेता अशोक चौधरी के संपर्क में हैं, और राजग सरकार को समर्थन दे सकते हैं।
Newsdesk