मुंबई में मूसलधार बारिश का कहर जारी! मुंबई से सटे कल्याण में भारी बारिश के चलते 5 से 6 घर ढह गए। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।"

मुंबई में मूसलधार बारिश का कहर जारी! मुंबई से सटे कल्याण में भारी बारिश के चलते 5 से 6 घर ढह गए। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।"

ठाणे, महाराष्ट्र

मुंबई में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। एक ओर सड़कों पर जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है, वहीं दूसरी ओर अब बारिश के चलते घर ढहने की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं।

भांडुप की घटना के बाद अब कल्याण में भी एक गंभीर हादसा हुआ है। कल्याण शहर के कचोरे टेकड़ी इलाके में लगातार हो रही बारिश के चलते 5 से 6 मकान ढह गए। घर गिरने की यह घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है, जब कुछ घरों के नीचे की मिट्टी खिसक गई और देखते ही देखते मकान भरभराकर ढह गए।

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ अन्य घरों को भी इस हादसे के चलते नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

मिट्टी खिसकने से दीवारें ढही

जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह की है जब कचोरे टेकड़ी पर बने कुछ मकानों के नीचे की मिट्टी खिसक गई, जिससे घरों की दीवारें गिर गईं. बताया जा रहा है कि लगातार चार दिनों से हो रही बारिश के कारण यह इलाका पहले से ही कमजोर हो चुका था. इस हादसे में करीब छह से सात घरों को नुकसान पहुंचा है.

हादसे से पहले बाहर आ चुके थे लोग

जैसे ही मिट्टी खिसकने लगी, लोगों को खतरे का आभास हुआ और उन्होंने तुरंत अपने घरों से बाहर निकलकर जान बचाई. इसी कारण किसी की जान नहीं गई. एक घर की पिछली दीवार गिर गई और आसपास की मिट्टी भी तेजी से ढहने लगी.

पहले ही दी गई थी सुचना

कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका द्वारा मानसून की शुरुआत में ही नोटिस देकर लोगों को इन खतरनाक क्षेत्रों से अस्थायी रूप से स्थानांतरित होने की सलाह दी गई थी. खासकर कचोरे टेकड़ी और नेतीवली इलाके के निवासियों को आगाह किया गया था. बावजूद इसके, कई लोगों ने इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया.

प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम का आपातकालीन दल और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे. सहायक आयुक्त हेमा मुंबरकर ने बताया कि जिन मकानों का निर्माण तीव्र ढलान और असुरक्षित ज़मीन पर हुआ है, उन्हें गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.इनमें कई अवैध निर्माण शामिल हैं, जो बारिश के मौसम में विशेष रूप से खतरे में रहते हैं.

बारिश में पहाड़ी इलाकों से दूर रहने की अपील

प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से पहाड़ी ढलानों पर बसे अस्थिर घरों से दूर रहने की अपील की है.यदि समय रहते सुरक्षा के कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और भी जानलेवा साबित हो सकती हैं.