भोपाल में गूंजेगा श्री गजानन विजय ग्रंथ का संगीतमय पारायण, श्री दत्त महाराज के चरणों में भक्ति की शाम
1. भोपाल में भक्ति का उत्सव: दत्त महाराज के चरणों में गजानन विजय ग्रंथ पाठ
भोपाल। गजानन महाराज जागतिक पारायण दिन के पावन अवसर पर राजधानी भोपाल में भक्ति, श्रद्धा और संगीत से सराबोर एक दिव्य आयोजन किया जा रहा है। दैनिक सिटी टुडे मीडिया समूह, गुरुदेव सेवा मंडल दत्त मंदिर एवं आपुलकी महाराष्ट्र मंडल भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में श्री गजानन विजय ग्रंथ का संगीतमय पारायण आयोजित होगा। यह आध्यात्मिक कार्यक्रम रविवार, 11 जनवरी 2026 को शाम 5:30 बजे से श्री दत्त मंदिर संस्थान, ई-4 अरेरा कॉलोनी, भोजपुर क्लब के पास, भोपाल में संपन्न होगा।
इस विशेष अवसर पर श्रद्धालुओं को दत्त महाराज के श्री चरणों का सानिध्य प्राप्त करने का सौभाग्य मिलेगा। संगीतमय पारायण के माध्यम से श्री गजानन महाराज की महिमा, जीवन दर्शन और चमत्कारों का भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण किया जाएगा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो जाएगा।
कार्यक्रम के निर्माता एवं संगीत निर्देशक श्री विनोद वखरे हैं, जबकि संगीत संयोजन की जिम्मेदारी श्री श्रीकांत पिसे एवं उनकी टीम संभाल रही है। अनुभवी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत संगीतमय पारायण श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देगा।
आयोजकों ने शहर के समस्त भक्तजनों से विनम्र अपील की है कि वे इस दिव्य आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें और गजानन महाराज व दत्त महाराज की कृपा के भागी बनें।

news desk MPcg