भोपाल में नकली नोटों का बड़ा खुलासा पश्चिम बंगाल निवासी MBBS डॉक्टर गिरफ्तार, ₹1.40 लाख के नकली नोट बरामद

भोपाल में नकली नोटों का बड़ा खुलासा पश्चिम बंगाल निवासी MBBS डॉक्टर गिरफ्तार, ₹1.40 लाख के नकली नोट बरामद

भोपाल। राजधानी भोपाल में नकली नोटों के कारोबार का बड़ा खुलासा करते हुए कोहेफिजा थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी एक MBBS डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ₹500-500 के कुल 280 नकली नोट, जिनकी कुल कीमत ₹1 लाख 40 हजार है, बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से एक आईफोन, एक एंड्रॉयड मोबाइल और अन्य सामान भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सैफुल इस्लाम (25) मूल रूप से वीरभूम, पश्चिम बंगाल का निवासी है और वर्तमान में भोपाल के शाहपुरा इलाके में रह रहा था। आरोपी अपनी पहचान छुपाने के लिए आईफोन में UK +44 सीरीज का अंतरराष्ट्रीय नंबर इस्तेमाल कर व्हाट्सएप कॉलिंग करता था, ताकि उसकी कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रैक न हो सके।

जानकारी के मुताबिक 6 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेफिया कॉलेज ग्राउंड के पास एक युवक संदिग्ध गतिविधियों के साथ भारी मात्रा में नकदी लेकर खड़ा है और कम दाम में ₹500 के नोट बेचने की बात कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को बैग सहित पकड़ लिया। तलाशी में बैग से चार अलग-अलग सीरीज के नकली नोट बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल से नकली नोट लाकर भोपाल और अन्य बाजारों में खपाता था। पुलिस को उसके मोबाइल में कई संदिग्ध लेनदेन भी मिले हैं। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि आरोपी किसी बड़े अंतरराज्यीय नकली नोट गिरोह या सिंडिकेट से जुड़ा है या नहीं।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 7 दिन की रिमांड पर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।