दमोह में जीतू पटवारी की जनसभा के दौरान मंच पर रो पड़े कांग्रेस प्रत्याशी, ये थी वजह

दमोह में जीतू पटवारी की जनसभा के दौरान मंच पर रो पड़े कांग्रेस प्रत्याशी, ये थी वजह

 जनसभा के दौरान मंच पर रो पड़े कांग्रेस प्रत्याशी

 दमोह लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी तरवर सिंह का नामांकन फार्म जमा कराने के लिए मंगलवार को कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी दमोह पहुंचे। जहां नामांकन जमा करने के पूर्व एक मैरिज गार्डन में जनसभा को प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने संबोधित किया और वहीं मंच पर खड़े लोकसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी तरवर सिंह लोधी जनसभा के दौरान मंच पर फूट-फूट कर रो पड़े।
उन्हें रोते देखा पूर्व विधायक अजय टंडन ने गले से लगाया और फिर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी गले लगाकर सांत्वना दी।इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर तरवर सिंह का नामांकन फार्म जमा करवाया।


आज कांग्रेस प्रत्याशी तरवर सिंह का नामांकन दाखिल किया गया। जिसके लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी,पूर्व मंत्री मुकेश नायक और कई वरिष्ठ नेता दमोह पहुंचे। नामांकन दाखिल करने से पहले नीलकमल गार्डन में एक जनसभा का आयोजन किया गया जहां जीतू पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधा और भाजपा को धोखा बताया।साथ ही दमोह के पूर्व सांसद के कार्यकाल के बारे में भी कई सवाल किए।

पटवारी बोले देश में भाजपा और धोखा एक दूसरे के पर्याय

जनसभा के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि इस देश में बीजेपी और धोखा एक दूसरे के पर्याय हैं। एक तरफ सेवादार और अच्छे मन का ईमानदार चुनाव मैदान में है और दूसरी तरफ बिकाऊ और लोभी जिसने अपना परिचय बेईमानी का दिया है। ये चुनाव ईमानदार और बेईमानी के बीच है। दमोह की जनता से मेरा आग्रह है कि मैंने पांच सवाल किए हैं। पहला आपके बच्चों को रोजगार क्यों नहीं और बीजेपी के बच्चों को रोजगार क्यों, जिले से पलायन क्यों हो रहा है। रेलवे की व्यवस्थाएं क्यों दुरुस्त नहीं है।


दमोह का एक तालाब है उसकी भी अभी तक सफाई क्यों नहीं हो सकी। किसानों को फसलों के सही दाम क्यों नहीं मिल रहे। ये सवाल आपके घरों में है और वोट देते समय याद रखनाए खासकर संविधान से प्यार करने वाले लोग। पटवारी ने कहा कि एक तरफ वह लोग हैं जिन्हें 400 सीट चाहिए क्योंकि उन्हें संविधान बदलना है और दूसरी तरफ वह लोग हैं जो संविधान की रक्षा करना चाहते हैं। आपके वोट के अधिकार को सुरक्षित रखना चाहते हैं। इसलिए सोच समझकर वोट देना और कांग्रेस को वोट देना।

पटवारी के संबाेधन के समय ही रो पड़े तरवर

प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी कांग्रेस प्रत्याशी तरवर सिंह के बारे में जनता को संबोधित कर रहे थे। तभी उनके समीप खड़े तरवर सिंह अपने आपको नहीं रोक पाए और रोने लगे। हालांकि इसके बाद पटवारी ने सभा को समाप्त किया और तरवर को गले लगाकर उन्हे अपने साथ नामांकन जमा कराने के लिए गए। इस दौरान मंच पर पूर्व मंत्री मुकेश नायक, पूर्व मंत्री हर्ष यादव,पूर्व मंत्री राजा पटेरिया,बड़ा मल्हरा विधायक रामसिया भारती,सीपी मित्तल, पूर्व विधायक अजय टंडन, प्रताप सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष रतनचंद जैन,मनु मिश्रा सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी रही।