सवारी को सुनसान जगह ले जाकर लूटा, आटो रिक्शा चालक सहित तीन गिरफ्तार
आटो रिक्शा चालक अपने तीन साथियों के साथ मिलकर सवारी को लूट लिया। पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपितों को पकड़ लिया है। आरोपित सुनसान जगह ले गए थे। पुलिस ने लूटे गए रुपये भी बरामद कर लिए हैं। सभी नशा करते हैं। मौका देखकर लूट और चोरी करते हैं।
संयोगितागंज थाना पुलिस के अनुसार ,घटना संवाद नगर स्थित मोदी का भट्टा के पास की बताई जा रही है। मूसाखेड़ी में पावर हाउस के समीप रहने वाला दीपक मोहनलाल प्रजापति नौलखा चौराहा से तीन इमली चौराहा के लिए रिक्शा (एमपी 09 आरए 3503) में बैठा था। चालक ने दस रुपये किराया बताया और शाम करीब साढ़े सात बजे लेकर रवाना हुआ।
रिक्शा नंबर के आधार पर आरोपित पकड़ाए
रिक्शा में पहले से तीन युवक बैठे थे। आरोपित सुनसान जगह ले गए और दीपक के साथ मारपीट कर 1200 रुपये छीन लिए। पुलिस ने आटो रिक्शा के नंबर के आधार पर मंगलवार को आरोपित आशीष वर्मा, अजय उर्फ दा पेवाल निवासी राधा गोविंद का बगीचा और एक नाबालिग को पकड़ लिया। आरोपित बबलू उर्फ सूरज फरार है।
रिक्शा वाले ने महिला सवारी को धमकाया, रहवासियों ने पीटा
इंदौर के अंतर्गत आने वाले राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में आटो रिक्शा चालक ने महिला सवारी के साथ अभद्रता की, आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर धमकाया। इस पर रहवासियों ने रिक्शा चालक की पिटाई कर दी। पुलिस ने एफआइआर भी दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, राजेंद्र नगर निवासी शिवानी शर्मा आटो रिक्शा (एमपी 09 आरए 1599) से घर जा रही थी। चालक ने पहले रुपये मांगे और अभद्रता करने लगा। हनुमान मंदिर के समीप रिक्शा रोका और अपशब्दों का प्रयोग करने लगा। शिवानी से विवाद होता देख आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और चालक की पिटाई कर दी। पुलिस ने शिवानी की तरफ से शिकायत लेकर केस दर्ज कर लिया।
Newsdesk