Damoh News: जंगल से हथियार और कारतूस के साथ शिकारी गिरफ्तार, कोर्ट ने जेल भेजा

दमोह के मडिया गांव के जंगल में दो लोग जंगली सूअर का शिकार करने पहुंचे, जिन्हें वन विभाग ने पकड़ लिया। आरोपियों के पास से बंदूक, कारतूस और शिकार का फंदा बरामद हुआ। सोमवार शाम को उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Damoh News: जंगल से हथियार और कारतूस के साथ शिकारी गिरफ्तार, कोर्ट ने जेल भेजा

दमोह, मध्यप्रदेश (06/05/2025): वन विभाग के सर्किल घाट पिपरिया इलाके में आने वाले मडिया गांव के जंगल में दो लोग रविवार की रात जंगली सूअर का शिकार करने पहुंचे थे। वन विभाग की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के बाद सोमवार शाम को दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से 12 बोर की बंदूक, जिंदा कारतूस और शिकार करने वाला फंदा मिला है।

दमोह रेंजर विक्रम चौधरी ने दी जानकारी

दमोह के रेंजर विक्रम चौधरी ने बताया कि रविवार की रात उन्हें सूचना मिली कि दो शिकारी मडिया गांव के जंगल में घुसे हैं। यह इलाका सर्किल घाट पिपरिया के अंतर्गत आता है। उन्होंने तुरंत घाट पिपरिया के वनपाल प्रमोद रावत को इसकी जानकारी दी। वन विभाग की टीम ने जंगल में घेराबंदी कर दोनों शिकारियों को पकड़ लिया।

पकड़े गए लोगों की पहचान मडिया गांव के सुदामा रैकवार और नोहटा के प्रवीण नायक के रूप में हुई। ये लोग जंगली सूअर का शिकार करने जंगल में आए थे, लेकिन शिकार करने से पहले ही पकड़े गए। इनके पास से 312 बोर की बंदूक, पांच जिंदा कारतूस, एक कुल्हाड़ी और शिकार के लिए इस्तेमाल होने वाला फंदा बरामद हुआ है।

जंगली सुअर का शिकार करने के लिए आए थे जंगल

आरोपियों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने माना कि वे जंगली सूअर का शिकार करने जंगल में गए थे। लेकिन शिकार करने से पहले ही वन विभाग की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। सोमवार शाम को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

रेंजर ने बताया कि इन शिकारियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, शायद ये पहली बार शिकार करने आए थे। जानकारी के लिए बता दें कि घाट पिपरिया का जंगल जिले का सबसे बड़ा जंगल है। यहीं से दमोह-कटनी स्टेट हाइवे गुजरता है और इस जंगल में बड़ी संख्या में सागौन के पेड़ हैं। यहां जंगली सूअर भी बहुत ज्यादा हैं और पहले भी कई बार शिकारी यहां पकड़े जा चुके हैं।